Pramāṇa · Search · About · API

Pracin Bharatiya Veshabhusha c13.s45.1

Prācīn Bhāratīya Veśabhūṣā c13.s45.1

Language
Hindi

c13.s45.1

इस युग में आजकल का सर्व साधारण वस्त्र कुरते का पता भारतीय साहित्य से नहीं चलता, पर इसका उल्लेख लि-येन (मृत्यु ७८५-७९४ के बीच में) के संस्कृत चीनी कोश में हुआ है। चीनी शब्द चान् का जिसका अर्थ कमीज होता है संस्कृत पर्यायवाची कुरतउ दिया गया है२३४। कुरता की समानता पुर्तगाली कुरता-कबाया से की गयी है। पर यह निश्चित है कि पुर्तगालियों ने यह शब्द भारतीय भाषा से ही ग्रहण किया है। पुर्तगाली में कुरता कबाया के संयोग से यह पता लगता है कि कुरता और कबाया का बहुत नजदीक संबंध था। कुरता कबा, जो फारसी में एक लंबे गाउन जैसे वस्त्र का द्योतक है, के नीचे पहरा जाता था और यह दोनों वस्त्र मुगल पहरावे में अपना विशेष स्थान रखते थे। लेकिन लि-येन के कोश में उल्लिखित कुरतउ किस भाषा का शब्द था इसका अभी तक पता नहीं चला है। क्या यह तुर्की का शब्द है? आशा है कि विद्वान् इस पर प्रकाश डालेंगे।