Pramāṇa · Search · About · API

Pracin Bharatiya Veshabhusha c9.s5.t1.2

Prācīn Bhāratīya Veśabhūṣā c9.s5.t1.2

Language
Hindi

c9.s5.t1.2

चंदा की वेश-भूषा से शुंग युग की एक संभ्रांत नारी की वेश-भूषा का पता चलता है। उसकी धोती कमर तक पहुंचती है। इस पर खरबूजिया मनकों और चौखूटी तख्तियों से बनी एक सतलड़ी करधनी है। कमरबंद फुल्लों और पंजकों से सजा है और इसके किनारों पर दानेदार बेल बनी है। पटका लहरियादार है। उसके शरीर का ऊपरी भाग अनावृत है पर दाहिने स्तन के नीचे की रेघारियां शायद पतले चादर की द्योतक हैं, बाएं कंधे से मोती की बद्धी छाती पर जनेऊ की तरह पड़ी है। गले में छलड़ी तोक है जिसकी पहली लड़ में पत्र, अंकुश और श्रीवत्स के आकार के टिकरे हैं। दूसरी लड़ गोल मनकों की है। और लड़ें गोल तथा लंबोतरे मनकों से बनी हैं। गले में स्तनों के बीच लटकती हुई टिकरेदार मोहनमाला है। कानों में वप्रकुंडल (घुमावदार) हैं तथा मांग में सीसमांग। सिर एक झीनी ओढ़नी से, जिसके दोनों पल्ले एक दूसरे को पार करते हैं, ढका है। इस ओढ़नी में चौड़े किनारे हैं जिन पर चौफुलिया और सहरेसा की बेलें बनी हैं। हाथों में कड़े और चूड़ियां हैं। चोटी बेलदार फीते से गुथी है ।