Pracin Bharatiya Veshabhusha c13.s37.1
Prācīn Bhāratīya Veśabhūṣā c13.s37.1
- Language
- Hindi
c13.s37.1
हम ऊपर जैन छेद सूत्रों में वर्णित वेश भूषा का वर्णन कर आए हैं। इस खंड में हम चीनी यात्रियों द्वारा भारतीय वेश भूषा पर जो प्रकाश पड़ता है उसका वर्णन करेंगे। युवानच्वांङ, जिनका भारतीय वेश-भूषा का ज्ञान शास्त्रीय आधार पर अवलंबित जान पड़ता है, का कहना है कि भारतीय बिना सिले सफेद कपड़े पसंद करते थे। पुरुष कमर में एक कपड़ा जो कांख तक पहुंचता था लपेट लेते थे और दाहिना कंधा खुला छोड़ देते थे। स्त्रियां एक लंबा वस्त्र जो दोनों कंधों को ढंकता हुआ ढीले तौर से नीचे लटका करता था पहनती थीं२१८। युवानच्वांङ द्वारा वर्णित स्त्रियों के पहिरावे का वर्णन साफ नहीं है ओर हम यह निश्चित करने में असमर्थ हैं कि लंबे ढीले कपड़े से उनका उद्देश्य, साड़ी, चादर या कंचुक इन तीन वस्त्रों में से किससे है। इन साधारण वस्त्रों में सिवाय, युवानच्वांङ के अनुसार, उत्तर भारत में जहां काफी सरदी पड़ती थी लोग तातारियों की तरह चपके जाकेट पहनते थे२१९। शायद यह जाकेट बाद की रूईदार पूरी बांहों वाली और बायीं ओर बंधने वाली बगलबंदी की तरह कोई वस्त्र रहा हो।