भारतीय प्राचीन लिपिमाला (Bhāratīya Prācīna Lipimālā: The Palaeography of India) c30.s16: काली स्याही
भारतीय प्राचीन लिपिमाला (Bhāratīya Prācīna Lipimālā: The Palaeography of India) c30.s16
- Language
- Hindi
काली स्याही
c30.s16.1
कागज़ पर लिखने की काली स्याही (मसी) दो तरह की होती है पक्की और कच्ची. पक्की स्याही से पुस्तकें लिखी जाती हैं और कच्ची स्याही से व्यापारी लोग अपनी बही आदि लिखते हैं. पक्की स्याही बनाने
c30.s16.2
के लिये पीपल की लाख को, जो अन्य वृक्षों की लाख से उत्तम समझी जाती है, पीस कर मिट्टी की हंडिया में रक्खे हुए जल में डाल कर उसे आग पर चढ़ाते हैं. फिर उसमें सुहागा और लोध पीस कर डालते हैं. उबलते उबलते जब लाख का रस पानी में यहां तक मिल जाता है कि काग़ज़ पर उससे गहरी लाल लकीर बनने लगती है तब उसे उतार कर छान लेते हैं. उसको अलता ( अलक्तक ) कहते हैं. फिर तिलों के तेल के दीपक के कज्जल को महीन कपड़े की पोटली में रख कर अलते में उसे फिराते जाते हैं जब तक कि उससे सुंदर काले अक्षर बनने न लग जावें. फिर उसको दवात (मसीभाजन) में भर लेते हैं. राजपूताने के पुस्तकलेखक अब भी इसी तरह पक्की स्याही बनाते हैं. संभव है कि ताड़पत्र के पुस्तक भी पहिले ऐसी ही स्याही से लिखे जाते हों.
c30.s16.3
कच्ची स्याही कज्जल, कत्था, बीजाबोर और गोंद को मिला कर बनाई जाती है परंतु पत्रे पर जल गिरने से स्याही फैल जाती है और चौमासे में पत्रे परस्पर चिपक जाते हैं इस लिये उसका उपयोग पुस्तक लिखने में नहीं किया जाता.
c30.s16.4
भूर्जपत्र (भोजपत्र) पर लिखने की स्याही बादाम के छिलकों के कोयलों को गोमूत्र में उबाल कर बनाई जाती थी१. भूर्जपत्र उष्ण हवा में जल्दी खराब हो जाते हैं परंतु जल में पड़े रहने से वे बिलकुल नहीं बिगड़ते इस लिये कश्मीरवाले जब मैले भूर्जपत्र के पुस्तकों को साफ़ करना चाहते हैं तब उनको जल में डाल देते हैं जिससे पत्रों एवं अक्षरों पर का मैल निकल कर वे फिर स्वच्छ हो जाते हैं और न स्याही हलकी पड़ती है और न फैलती है. भूर्जपत्र पर लिखे हुए पुस्तकों में कहीं अक्षर आदि अस्पष्ट हों तो ऐसा करने से वे भी स्पष्ट दीखने लग जाते हैं.
c30.s16.5
१ बूलर की कश्मीर आदि के पुस्तकों की रिपोर्ट, पृ. ३०
c30.s16.6
काली स्याही से लिखे हुए सब से पुराने अक्षर ई. स. पूर्व की तीसरी शताब्दी तक के मिले हैं२.
c30.s16.7
२ द्वितीय राजतरंगिणी का कर्ता जोनराज अपने ही एक मुक़द्दमे के विषय में लिखता है कि '[मेरे दादा] लोलराज ने किसी कारण से अपनी दस प्रस्थ भूमि में से एक प्रस्थ भूमि किसी को बेची और अपने नोनराज आदि बालक पुत्रों को यह कह कर उसी वर्ष वह मर गया. नोनराज आदि को असमर्थ देख कर भूमि ख़रीदनेवाले एक के बदले ज़बर्दस्ती से दसों प्रस्थ भोगते रहे और उसके लिये उन्होंने यह जाल बना लिया कि विक्रयपत्र (बैनामे) में लिखे हुए ‘भूप्रस्थमेकं विक्रीतं’ में ‘म’ के पूर्व रेखारूप से लगनेवाली ‘ए’ की मात्रा[^asterisk] को ‘द’ और ‘म’ को ‘श’[^dagger] बना दिया, जिससे विक्रयपत्र में ‘भूप्रस्थमेकं’ का ‘भूप्रस्थदशकं’ हो गया. मैंने यह मामला उस राजा (जैनोल्लाभद्दीन; ज़ैन-उल्-आबदीन) की राजसभा में पेश किया तो राजा ने भूर्जपत्र पर लिखे हुए विक्रयपत्र को मंगवा कर पढ़ा और उसे पानी में डाल दिया तो नये अक्षर घुल गये और पुराने ही रह गये जिससे ‘भूप्रस्थमेकं’ ही निकल आया. इस [न्याय] से राजा को कीर्ति, मुझको भूमि, जाल करनेवालों को अद्भुत दंड, प्रजा को सुख और दुष्टों को भय मिला’ (जोनराजकृत राजतरंगिणी, श्लोक १०२५-३७). इससे यह पाया जाता है कि या तो कश्मीरवाले तीन पीढ़ी में ही पक्की स्याही बनाने की विधि भूल गये थे, या भूर्जपत्र पर की स्याही जितनी पुरानी हो उतने ही अक्षर दृढ़ हो जाते थे या अधिक संभव है कि पंडित लोलराज की पुस्तक लिखने की स्याही, जिससे विक्रयपत्र लिखा गया था, पक्की थी और दूसरी स्याही, जिससे जाल किया गया, कच्ची थी. [^asterisk]: शारदा (कश्मीरी) एवं अन्य प्राचीन लिपियों में पहिले ‘ए’ की मात्रा का चिह्न छोटी या बड़ी खड़ी लकीर भी था जो व्यंजन के पहिले लगाया जाता था (देखो, लिपिपत्र २८ में ‘शे’; २६ में ‘दे’; ३० में दिये हुए अरिगांव के लेख के अक्षरों में ‘ते’).
c30.s16.8
dagger कश्मीरी लिपि में ‘म’ और ‘श’ में इतना ही अंतर है कि ‘म’ के ऊपर शिर की लकीर नहीं लगती और ‘श’ के लगती है (देखो, लिपिपत्र ३१), बाकी कोई भेद नहीं है. सांची के एक स्तूप में से पत्थर के दो गोल डिब्बे मिले हैं जिनमें सारिपुत्र और महामोगलान की हड्डियां निकली हैं. एक डिब्बे के ढक्कन पर ‘सारिपुतस’ खुदा है और भीतर उसके नाम का पहिला अक्षर ‘सा’ स्याही से लिखा हुआ है. दूसरे के ढक्कन पर ‘महामोगलानस’ खुदा है और भीतर ‘म’ अक्षर स्याही का लिखा हुआ है. सारिपुत्र और महामोगलान दोनों बुद्धदेव (शाक्य मुनि) के मुख्य शिष्य थे. सारिपुत्र का देहांत बुद्धदेव की मौजूदगी में हो गया था और महामोगलान का बुद्ध के निर्वाण के बाद हुआ था. यह स्तूप ई. स. पूर्व की तीसरी शताब्दी का बना हुआ माना जाता है (कनिंगहाम का ‘भिलसा टोप्स’, पृ. २६४-३०८). यदि ये डिब्बे उक्त स्तूप के बनने के समय नये बनाये जाकर उनमें वे हड्डियां रक्खी गई थीं ऐसा माना जावे तो ये स्याही से लिखे हुए अक्षर ई. स. पूर्व की तीसरी शताब्दी के होने चाहिये परंतु यदि यह माना जावे कि ये डिब्बे किसी अन्य स्तूप से निकाले जाकर सांची के स्तूप में रक्खे गये थे तो उक्त स्याही के अक्षरों के लिखे जाने का समय ई. स. पूर्व की पांचवीं शताब्दी होगा.
Linked texts (4)
- Rājataraṅgiṇī — Kalhaṇa, Sanskrit
- 阿毘曇毘婆沙論 — Classical Chinese
- Vinayapiṭaka — Pāli
- Ṛgvedasaṃhitā — Sanskrit